Tuesday, October 20th, 2026

महिला, किसान, CAA... बंगाल से ममता सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए BJP ने मेनिफेस्टो में लगाई वादों की झड़ी

कोलकाता
भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में अपना परचम लहराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार को पार्टी दफ्तर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल चुनावों के लिए बीजेपी का घोषणा पत्र (Bengal BJP Manifesto) जारी किया। बीजेपी ने इसका नाम संकल्‍प पत्र रखा है। बंगाल की जनता का दिल जीतने के लिए बीजेपी ने संकल्‍प पत्र में कई लुभावने वादे किए हैं। बंगाल में अवैध घुसपैठ को लेकर पार्टी ने अपना लक्ष्‍य स्‍पष्‍ट रखा है। शाह ने कहा कि बीजेपी की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में सीएए लागू किया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का भी वादा किया गया है।

3 नए एम्‍स, किसानों को बकाया पैसा भी
बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में उत्तर बंगाल, जंगलमहल और सुंदरवन क्षेत्र में 3 नए एम्‍स बनाने का वादा किया है। इसके अलावा राज्‍य के सभी किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ देने का वादा किया गया। शाह ने कहा कि इसके साथ ही 75 लाख किसानों को जो 18 हजार रुपये तीन साल से जो ममता बनर्जी ने नहीं पहुंचाया है, उसे भी सीधे किसानों को बैंक अकाउंट में देंगे। केंद्र सरकार का जो 6 हजार रुपये आता है उसमें राज्य सरकार का 4 हजार रुपया जोड़कर दिया जाएगा। मत्स्य पालकों को हर वर्ष 6 हजार रुपये दिए जाएंगे।

11 हजार करोड़ की सोनार बांग्‍ला फंड
अमित शाह ने कहा कि हम पश्चिम बंगाल की जनता से वादा करते हैं कि जैसे पहले कम्युनिस्ट और बाद में TMC ने जो सत्ता में होता है, वो सत्ता बरकरार रखने के लिए चुनाव में हिंसा करते हैं। हम निष्पक्ष चुनाव हो, यह सुनिश्चित करेंगे और राजनीतिक हिंसा बंगाल में भूतकाल की बात हो जाएगी। घोषणापत्र में वादा किया गया है कि 11 हजार करोड़ रुपये की सोनार बांग्ला फंड की शुरुआत की जाएगी। जो बंगाल के साहित्य, कला, संस्कृति और सारी विधाओं को प्रमोट करने का काम करेगा। इसके अलावा निवेशकों के लिए इन्‍वेस्‍ट बांग्‍ला की स्थापना की जाएगी।

 

#Women#farmers#CAA ... BJP

Source : Agency

पाठको की राय